
नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने पूर्व भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोपों वाले मामले को बंद कर दिया है। यह मामला एक नाबालिग शिकायतकर्ता द्वारा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने इस मामले में क्लोजर रिपोर्ट पेश की थी, जिसे सोमवार को कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। अब इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। यह मामला नाबालिग महिला पहलवान की शिकायत पर दर्ज था। 1 अगस्त 2023 को शिकायतकर्ता ने पुलिस जांच पर संतोष जताते हुए क्लोजर रिपोर्ट का विरोध नहीं किया था। दिल्ली पुलिस ने 15 जून 2023 को क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर कहा था कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं, इसलिए आरोप निरस्त किए जाएं। हालांकि, बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट में यौन शोषण के एक अन्य मामले में भी सुनवाई चल रही है, जिसमें पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की है।




