
मुंबई। पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश ने मुंबई और उपनगरों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसी पृष्ठभूमि में मुंबई उपनगर के संयुक्त पालक मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने मंगलवार को बीएमसी मुख्यालय स्थित आपदा प्रबंधन विभाग का दौरा किया और स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को तैयार रहने के निर्देश दिए। मंत्री लोढ़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राज्य की स्थिति पर लगातार नज़र रखे हुए हैं और आपदा प्रबंधन अधिकारियों के संपर्क में हैं। उनके मार्गदर्शन में मंत्रिमंडल के सभी सदस्य राज्य के विभिन्न हिस्सों में सामान्य जनजीवन बहाल करने के लिए कार्यरत हैं। निरीक्षण के दौरान श्री लोढ़ा ने बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी और मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती के साथ बैठक कर बारिश की पृष्ठभूमि में मुंबई की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निचले इलाकों में पानी जमा होने पर पंप लगाकर तुरंत निकासी की जाए ताकि परिवहन व्यवस्था और जनजीवन पर असर कम हो। उन्होंने विशेष रूप से कुर्ला, घाटकोपर और चेंबूर की पहाड़ी बस्तियों को लेकर सतर्कता बरतने पर जोर दिया। मंत्री लोढ़ा ने नागरिकों से अपील की कि वे घबराएँ नहीं, प्रशासन की व्यवस्था सुचारू रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने मुंबईवासियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सावधानी बरतने का आग्रह भी किया।
