
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। झांसी जिले के जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कक्ष में आयोजित जनता दर्शन के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विकास सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं, जिन पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने एसडीएम, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, केवल औपचारिकता निभाने से काम नहीं चलेगा बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जहां संभव हो, दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराया जाए, ताकि अनावश्यक मुकदमेबाजी और तनाव से बचा जा सके। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिले में पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट से बचें। आगामी त्योहारों को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था मजबूत करने, पेयजल आपूर्ति तथा विद्युत व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब जनसुनवाई की सीधी मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय से की जा रही है, इसलिए जनता दर्शन के दौरान प्राप्त शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से सुना जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्याय अरुण कुमार गौड़, एसडीएम न्याय अजय कुमार यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




