
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित बैठक में मुलुंड विधानसभा क्षेत्र में नागरिकों से जुड़ी लंबित सेवाओं और सुविधा प्रकल्पों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री अजित पवार, विधायक मिहिर कोटेचा, मुख्य सचिव सुजाता सौनिक, मनपा आयुक्त भूषण गगराणी, नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव असीम कुमार गुप्ता, राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव राजेश कुमार, मुख्यमंत्री कार्यालय की प्रधान सचिव अश्विनी भिडे, सचिव श्रीकर परदेशी, मुंबई उपनगर जिल्हाधिकारी राजेंद्र क्षीरसागर, संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान की संचालिका अर्चना पाटिल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने मुंबई उपनगर जिला के मौजा मुलुंड, तालुका कुर्ला में स्थित शासकीय भूखंड पर राजस्व भवन और न्यायालय भवन के लंबित प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई, मुलुंड में उच्च गुणवत्ता वाले पर्यटन केंद्र के विकास हेतु प्रस्ताव तैयार करने, मुलुंड पश्चिम स्थित प्रियदर्शनी क्रीड़ा संकुल (कालिदास सभागृह) के नवीनीकरण को शीघ्र पूर्ण करने, नाहूर क्षेत्र में रेलवे टर्मिनल निर्माण हेतु आवश्यक भूमि और जरूरतों की जांच, मुलुंड पूर्व की मनपा कचराभूमि पर जमा कचरे के सम्पूर्ण निपटारे, स्वीकृत तालुका क्रीड़ा संकुल के शीघ्र निर्माण तथा मुलुंड पूर्व की बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल पंप के लिए भूमि उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को समन्वय के साथ इन प्रकल्पों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने पर बल दिया।




