Thursday, February 5, 2026
Google search engine
HomeBusinessमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ज़्यूरिख में मराठी समाज से साधा संवाद

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ज़्यूरिख में मराठी समाज से साधा संवाद

महाराष्ट्र को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का दिया भरोसा

मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा दिए गए स्वधर्म, स्वदेश और स्वभाषा के मूल्यों को आत्मसात कर भारत को विकास की ऊँचाइयों तक पहुँचाने का आह्वान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्विट्ज़रलैंड के ज़्यूरिख में बृहन महाराष्ट्र मंडल द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि महाराष्ट्र शीघ्र ही भारत का पहला ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनेगा, जिससे विदेशों में रह रहे मराठी समाज का महाराष्ट्र के प्रति गौरव और अधिक बढ़ेगा। उन्होंने विदेशों में बसे मराठी समुदाय को महाराष्ट्र के सच्चे सांस्कृतिक और सामाजिक राजदूत बताया। रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) में भाग लेने के लिए ज़्यूरिख पहुँचे। पाँच दिवसीय विदेश दौरे की शुरुआत में ही उनका पारंपरिक महाराष्ट्रीयन शैली में भव्य स्वागत किया गया। पारंपरिक वेशभूषा, रीति-रिवाज़ और उत्साहपूर्ण वातावरण के लिए मुख्यमंत्री ने आयोजकों और मराठी समाज का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम स्थल पर महाराष्ट्र राज्यगीत से सभागृह गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विदेशों में रहने वाले मराठीजन अपनी मेहनत, आचरण और कार्य के माध्यम से महाराष्ट्र और मराठी भाषा की सकारात्मक छवि विश्वभर में प्रस्तुत कर रहे हैं। व्यवसाय, उद्योग, शिक्षा और तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में मराठी समाज के योगदान के कारण उन्हें कई देशों में सम्मान मिला है, जिससे भारत और महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि मराठी समाज की आतिथ्यशीलता, परिश्रम और उद्यमशीलता के कारण वैश्विक उद्योग भारत, विशेषकर महाराष्ट्र में निवेश के लिए आकर्षित हो रहे हैं और इसी वजह से दावोस निवेश सम्मेलन में भी महाराष्ट्र की विशेष पहचान बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वभर में मराठी और भारतीय समुदाय कई अभिनव और परिवर्तनकारी कार्य कर रहा है। इन अनुभवों और विचारों का आदान-प्रदान आवश्यक है, जिसके लिए वैश्विक मराठी समाज को महाराष्ट्र से जोड़ने वाला मंच बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा दिए गए स्वदेश, स्वधर्म और स्वभाषा के मूल्यों के आधार पर यह मंच वैश्विक मराठी समाज को एक-दूसरे से जोड़ते हुए समन्वय और समृद्धि के नए मार्ग खोलेगा।
सांस्कृतिक समृद्धि से ही महाराष्ट्र समृद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि मराठी भाषा सदैव अभिजात रही है, लेकिन उसे राजकीय मान्यता मिलना आवश्यक था, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष प्रयासों से संभव हुआ। उन्होंने विदेशों में मराठी भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और विशेष रूप से यूरोप में चल रहे मराठी विद्यालयों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाषा संस्कृति, संस्कार, उत्सव, साहित्य और कला को जोड़ने का माध्यम है। महाराष्ट्र न केवल भौतिक बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी समृद्ध राज्य है और इसी सांस्कृतिक समृद्धि के कारण उसने आर्थिक प्रगति हासिल की है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि अगले तीन वर्षों में महाराष्ट्र भारत का पहला ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनेगा। उन्होंने बताया कि राज्य विदेशी प्रत्यक्ष निवेश, स्टार्टअप्स, निर्यात और मैन्युफैक्चरिंग में अग्रणी है। देश के लगभग 60 प्रतिशत डेटा सेंटर्स महाराष्ट्र में स्थित हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी राज्य आगे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आइकोनिक इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण में महाराष्ट्र अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments