
मुंबई। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से फरवरी–मार्च 2026 के दौरान आयोजित होने वाली दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं को पूरी तरह नकलमुक्त बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाएं भयमुक्त लेकिन कड़े निगरानी तंत्र के तहत संपन्न कराई जाएंगी। उच्च माध्यमिक प्रमाणपत्र (कक्षा 12वीं) की लिखित परीक्षा 10 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक आयोजित होगी, जबकि माध्यमिक विद्यालय प्रमाणपत्र (कक्षा 10वीं) की परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च 2026 के बीच होगी। इन परीक्षाओं के दौरान नकल पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त दिशा-निर्देश लागू किए गए हैं। शिक्षा मंडल ने सभी प्राचार्यों और मुख्याध्यापकों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से कार्यरत रहें। इसके साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान विशेष दक्षता समितियों का गठन किया गया है और उड़नदस्तों की तैनाती की गई है, जो अचानक निरीक्षण कर नकल से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई करेंगे। मंडल की ओर से विद्यार्थियों को भी स्पष्ट मार्गदर्शन दिया गया है कि परीक्षा के दौरान क्या करना है और क्या नहीं। छात्रों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का सहारा न लें और शांत, तनावमुक्त वातावरण में परीक्षा दें। शिक्षा मंडल ने भरोसा दिलाया है कि नकलमुक्त अभियान के साथ-साथ विद्यार्थियों की सुविधा और निष्पक्ष परीक्षा प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।




