
मुंबई। मध्य रेल के महाप्रबंधक धर्मवीर मीना ने सीएसएमटी सभागार में आयोजित एक समारोह में 11 दिव्यांगजन रेलवे कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और प्रेरणादायक कार्यों के लिए रोल मॉडल पुरस्कार से सम्मानित किया। यह कार्यक्रम केंद्रीय कर्मचारी लाभ निधि (सीएसबीएफ) के तत्वावधान में मध्य रेल के कार्मिक विभाग द्वारा “दिव्यांगजनों के लिए विशेष दिवस” के अवसर पर आयोजित किया गया। महाप्रबंधक मीना ने 7 दिव्यांगजन कर्मचारियों को विशेष अनुकूल उपकरण भी वितरित किए, जिनमें 4 कर्मचारियों को विशेष उपयोगकर्ता अनुकूल सॉफ्टवेयर युक्त लैपटॉप, एक को स्मार्टफोन, एक को स्मार्ट एआई चश्मा और एक को वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। साथ ही, दो दिव्यांगजन बच्चों को टखने और पैरों के लिए ऑर्थोसिस तथा स्टेटिक साइकिल भेंट की गई।
अपने संबोधन में श्री मीना ने बताया कि मध्य रेल में 1253 दिव्यांगजन कर्मचारी कार्यरत हैं और उनके सशक्तिकरण हेतु सभी आवश्यक उपकरण एवं सुविधाएँ प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे उनके कार्यस्थल पर उनकी दक्षता और कार्य क्षमता बढ़ाई जा सके।
समारोह की शुरुआत महाप्रबंधक मीना द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुई। प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं सीएसबीएफ अध्यक्ष पी. पी. पांडे ने स्वागत भाषण दिया और गणमान्य व्यक्तियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक प्रतीक गोस्वामी सहित मध्य रेल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन दिव्यांगजन कर्मचारियों के कल्याण के प्रति मध्य रेल की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए हुआ।




