Wednesday, February 4, 2026
Google search engine
HomeCrimeतुर्भे पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार शातिर चोर गिरफ्तार, नवी मुंबई में...

तुर्भे पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार शातिर चोर गिरफ्तार, नवी मुंबई में चोरी के पांच मामले सुलझे

सीसीटीवी और तकनीकी विश्लेषण से खुलासा, 4.51 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद

नवी मुंबई। तुर्भे पुलिस ने घरों और दुकानों में सेंधमारी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर नवी मुंबई में चोरी के पांच मामलों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4,51,400 रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 21 जनवरी को फाइजर रोड स्थित तुर्भे नाका के साई कम्युनिकेशंस मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। इस मामले में तुर्भे पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 331(3) और 305 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साथ ही तकनीकी और खुफिया इनपुट जुटाए। इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने नवी मुंबई के एपीएमसी सब्जी मंडी क्षेत्र से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी तुर्भे, खांडेश्वर और राबाले एमआईडीसी पुलिस थाना क्षेत्रों में दर्ज घरफोड़ और सेंधमारी के पांच मामलों में शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ताजमुल आलम कमरुद्दीन खान (24), अशफाक असिरुद्दीन आलम (32), नाजिम मोहम्मद जलाल (24) और मोहम्मद अख्तर मोहम्मद सरफुद्दीन आलम (30) के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के किशनगंज जिले के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी सुनियोजित तरीके से देर रात कमर्शियल प्रतिष्ठानों और घरों को निशाना बनाते थे। तुर्भे पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आबासाहेब पाटिल ने बताया कि आरोपियों की पूछताछ से कई चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है और 4.5 लाख रुपये से अधिक का चोरी का माल बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य अपराधों और संभावित सहयोगियों की जानकारी के लिए आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई एपीआई वसीम शेख, एपीआई समीर चस्कर, पुलिस कांस्टेबल और तुर्भे पुलिस स्टेशन के अन्य कर्मचारियों की टीम ने की। पुलिस अधिकारियों ने शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गश्त और निगरानी और सख्त करने की बात कही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments