
झांसी, उत्तर प्रदेश। झांसी स्थित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में एनसीसी अधिकारी प्रोफेसर सुनील कुमार कविया के निर्देशन में आज विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स द्वारा रोड सेफ्टी वीक के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सुरक्षित व्यवहार को बढ़ावा देना रहा। अभियान के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने सड़क पर चल रहे लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित रूप से वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया। कैडेट्स ने नागरिकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर 56 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रशांत कक्कड़ ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं है, बल्कि यह एक जिम्मेदार नागरिक होने का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स द्वारा चलाया गया यह जागरूकता अभियान समाज में सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी लाई जा सकती है। वहीं बुंदेलखंड विश्वविद्यालय एनसीसी से हेमंत चंद्रा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक और सुरक्षित बनाना भी इसकी प्रमुख जिम्मेदारी है। सड़क सुरक्षा अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति सजग करना हमारा कर्तव्य है, ताकि सभी लोग सुरक्षित यात्रा कर सकें। इस जागरूकता अभियान में सीनियर अंडर ऑफिसर एल्म खान, अंडर ऑफिसर अभिनव तिवारी सहित कैडेट हर्ष, निखिल, दीक्षांत, अभय, राधा, अनन्या एवं अन्य कई एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और आमजन ने इसमें सकारात्मक सहभागिता दिखाई।




