Thursday, June 19, 2025
Google search engine
HomeCrimeकोल्हापुर में 10 साल की बच्ची से दरिंदगी, राज्य में कानून-व्यवस्था की...

कोल्हापुर में 10 साल की बच्ची से दरिंदगी, राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक!

कोल्हापुर। महाराष्ट्र में हाल के दिनों में एक के बाद एक हो रही दर्दनाक घटनाओं ने राज्य को हिला कर रख दिया है। बदलापुर यौन शोषण मामले के बाद अब कोल्हापुर जिले में एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने समाज को झकझोर दिया है। राम नगर इलाके में एक 10 साल की मासूम बच्ची के साथ न सिर्फ बलात्कार किया गया, बल्कि उसकी बेरहमी से हत्या भी कर दी गई। बच्ची का शव गुरुवार सुबह एक खेत में पड़ा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार दोपहर से लापता बच्ची की तलाश में परिजन और पुलिस जुटे हुए थे। काफी प्रयासों के बाद भी जब बच्ची का कुछ पता नहीं चला, तो परिवारवालों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने खोजबीन तेज की, लेकिन पूरी रात बीतने के बावजूद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह जब गांव के लोगों ने बच्ची का शव खेत में देखा, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और बच्ची के परिजनों को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि बच्ची के साथ पहले बलात्कार किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। कोल्हापुर के एसपी महेंद्र पंडित ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तुरंत FSL और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल से जरूरी सबूत इकट्ठा किए। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। एसपी महेंद्र पंडित ने कहा कि मामले में अगर कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल पाया गया, तो उसे भी जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाएगी। बदलापुर मामले के बाद से ही महाराष्ट्र में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोग आक्रोशित थे, और अब इस ताजा घटना ने राज्य में नाराजगी और बढ़ा दी है। राजनीतिक दलों ने शिंदे सरकार पर सुरक्षा व्यवस्था में विफलता का आरोप लगाया है। विपक्षी दलों ने राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की है और इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, जनता में भी इस घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश है, और कई जगहों पर प्रदर्शन हो रहे हैं। कोल्हापुर की इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। बदलापुर से लेकर कोल्हापुर तक की इन घटनाओं ने सरकार और प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments