
जालना। पिता के निधन के बाद खेती की जमीन की वारिसाना फेरफार (म्यूटेशन) एंट्री कराने के बदले रिश्वत मांगने वाले तलाठी को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी तलाठी की पहचान गजानन मनसाराम बारवाल (36), निवासी सिंधी काळेगाव के रूप में हुई है। मामले के अनुसार, 42 वर्षीय शिकायतकर्ता ने 27 जनवरी को अपने दिवंगत पिता के नाम दर्ज वडिलोपार्जित खेती को अपने नाम कराने और फाइल मंडल अधिकारी को भेजने के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा किए थे। आरोप है कि इस काम के बदले तलाठी बारवाल ने 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत देने से इनकार करने पर शिकायतकर्ता ने छत्रपति संभाजीनगर स्थित एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के लिए 28 जनवरी को पंचों की मौजूदगी में सत्यापन किया गया, जिसमें आरोपी ने समझौते के तहत 3 हजार रुपये लेने की सहमति दी। जालना के रूपनगर इलाके में किराए पर लिए गए तलाठी सज्जा कार्यालय के सामने सड़क पर एसीबी ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाशी में 3 हजार रुपये की रिश्वत राशि, 3 हजार 120 रुपये की निजी नकदी और वन-प्लस कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। फिलहाल आरोपी के घर की तलाशी की कार्रवाई जारी है। इस प्रकरण में जालना तालुका पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया देर रात तक चलती रही। यह कार्रवाई छत्रपति संभाजीनगर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने पुलिस निरीक्षक शांतीलाल चव्हाण के नेतृत्व में की।




