
मुंबई। स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा को बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर ‘गद्दार’ टिप्पणी को लेकर मुंबई पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर स्थायी रोक लगा दी है और उनके द्वारा दायर केस रद्द करने की याचिका स्वीकार कर ली है। हालांकि, कोर्ट ने जांच पर रोक लगाने से इंकार किया है। शिवसेना विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया था, जिसमें कामरा ने मुंबई के हैबिटेट स्टूडियो में एक शो के दौरान बिना नाम लिए शिंदे पर व्यंग्य किया था, जिसमें उन्होंने ‘दिल तो पागल है’ के एक गाने की पैरोडी करते हुए उन्हें ‘गद्दार’ कहा। इसके बाद स्टूडियो में तोड़फोड़ की गई और राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया। कोर्ट ने कहा कि कामरा का निवास तमिलनाडु में होने के कारण, अगर पुलिस को उनसे पूछताछ करनी है तो उसे चेन्नई में ही करनी होगी। इससे पहले कोर्ट ने उन्हें 16 अप्रैल को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी थी, जिसे अब स्थायी कर दिया गया है। कामरा ने स्पष्ट किया था कि वे माफी नहीं मांगेंगे, और इस मामले में उन्हें शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत का समर्थन मिला है।




