
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए ‘नया भारत-सांस्कृतिक महाशक्ति’ विषय पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 345 विद्यालयों के लगभग 75 हजार विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सांस्कृतिक कार्य मंत्री एवं मुंबई उपनगरीय जिले के पालकमंत्री एडवोकेट आशीष शेलार के निर्देश पर यह प्रतियोगिता सांस्कृतिक कार्य विभाग, पी. एल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी और बृहन्मुंबई महानगरपालिका के सहयोग से आयोजित की गई। प्रतियोगिता गुरुवार को तीन समूहों में हुई। पहले समूह (कक्षा 1 से 4) के लिए रंग प्रतियोगिता रखी गई, दूसरे समूह (कक्षा 5 से 7) को शिवकालीन गढ़-किले, ऑपरेशन सिंदूर और डिजिटल इंडिया जैसे विषय दिए गए, जबकि तीसरे समूह (कक्षा 8 से 10) के विद्यार्थियों के लिए नया भारत-सांस्कृतिक महाशक्ति, महाराष्ट्र की समृद्ध संस्कृति और बदलता भारत जैसे विषय रखे गए। प्रतियोगिता का आयोजन बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त एवं प्रशासक भूषण गगरानी, सांस्कृतिक कार्य विभाग की सचिव डॉ. किरण कुलकर्णी, अतिरिक्त आयुक्त (पूर्वी उपनगर) डॉ. अमित सैनी, उपायुक्त (शिक्षा) डॉ. (श्रीमती) प्राची जांभेकर और सांस्कृतिक कार्य विभाग की उपसचिव नंदा राउत के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता की योजना शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुजाता खरे ने तैयार की। वहीं पी.एल.देशपांडे कला अकादमी की निदेशक श्रीमती मीनल जोगलेकर और निर्माण प्रतिष्ठान ने विशेष सहयोग दिया।