
इंद्र यादव
मुंबई। नालासोपारा (पूर्व) के टाकी रोड स्थित साईं धाम वेलफेयर सोसाइटी में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने कथित रूप से अपनी सगी बहन की धारदार हथियार से हत्या कर दी और बीच-बचाव करने आई मां को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। सुबह करीब 6 बजे चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तुलिंज पुलिस स्टेशन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, घर के भीतर खून से सना दृश्य मिला और महिला अचेत अवस्था में पड़ी थी। मृतका की पहचान सुप्रिया उर्फ सुरेखा संतोष कानाडे (उम्र लगभग 35-40 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान अजीत मनुष्ठे (उम्र 30 वर्ष) के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भाई-बहन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित रूप से घर में रखे कोयते से बहन पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जब मां ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ और कमर में गंभीर चोटें आईं। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक जांच में आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस संपत्ति विवाद या अन्य किसी पुराने झगड़े सहित सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। यह घटना क्षेत्र में सनसनी का कारण बनी हुई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।




