
सांगली। नए साल के जश्न के दौरान गुरुवार को सांगली शहर के कॉलेज कॉर्नर इलाके में सनसनीखेज वारदात सामने आई। एन.एस. लॉ कॉलेज के बाहर पुरानी दुश्मनी के चलते 23 वर्षीय युवक विष्णु सतीश वडर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुरानी रंजिश में किया गया हमला
मृतक विष्णु वडर सांगली की वडर कॉलोनी का निवासी था। पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे कॉलेज की छुट्टी के बाद विष्णु अपने दोस्तों के साथ कॉलेज के बाहर रॉयल टावर्स के पास खड़ा था। इसी दौरान आर्यन हेमंत पाटिल और उसके एक साथी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। विष्णु के सिर, पेट और पैरों पर गंभीर वार किए गए, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
18 महीने पुरानी घटना का बदला
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या करीब 18 महीने पहले हुई एक घटना का बदला हो सकती है। उस समय कॉलेज परिसर के पास ही आर्यन पाटिल पर चाकू से हमला किया गया था, जिसमें विष्णु वडर और दो अन्य लोग शामिल बताए जा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, इसी पुरानी दुश्मनी को लेकर पाटिल के मन में गुस्सा था और उसने बदला लेने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया। हमले के बाद कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। छात्रों में भय का माहौल बन गया और पास की दुकानों ने एहतियातन अपने शटर गिरा दिए। गंभीर रूप से घायल विष्णु को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरजेंसी विभाग में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही विश्रामबाग पुलिस हरकत में आई। पुलिस उपाधीक्षक संदीप भागवत, विश्रामबाग पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर भालेराव और स्थानीय अपराध जांच अधिकारी संजीव झाडे ने घटनास्थल का दौरा किया। त्वरित जांच और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने रत्नादीप हाउसिंग सोसाइटी, कुपवाड़ से मुख्य आरोपी आर्यन हेमंत पाटिल और उसके साथी को दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी निजी दुश्मनी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, इस हत्या के पीछे कोई अन्य कारण या साजिश है या नहीं, इसकी भी गहराई से जांच की जा रही है। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।



