
मुंबई। महाराष्ट्र सीईटी परीक्षा सहित राज्य सरकार द्वारा ली जाने वाली अन्य परीक्षाओं में धांधली कर विद्यार्थियों को गुमराह करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस मामले में चार आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी उच्च शिक्षित हैं।
बड़े कॉलेज में एडमिशन का लालच देकर ठगी
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र सीईटी सेल द्वारा एमबीए की परीक्षाओं के संदर्भ में इन आरोपियों ने मुंबई के प्रतिष्ठित कॉलेजों में एडमिशन दिलाने का लालच देकर लगभग 72 विद्यार्थियों से संपर्क किया था। इसके बदले उन्होंने 15 से 20 लाख रुपए तक की डिमांड की थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था ने मुंबई के आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि कई विद्यार्थियों को संदिग्ध कॉल आ रहे थे, जिनमें बड़े कॉलेजों में एडमिशन दिलाने के नाम पर पैसों की मांग की जा रही थी। इसके बाद स्टेट सीईटी सेल ने एक आंतरिक कमेटी बनाकर जांच की और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया।
हाईली एजुकेटेड आरोपी
गिरफ्तार चारों आरोपी उच्च शिक्षित हैं। इनमें से दो आरोपी NIT दिल्ली के थर्ड ईयर के छात्र हैं, एक यूपीएससी की तैयारी कर रहा है, जबकि चौथा आरोपी बायोलॉजी में ग्रेजुएट है। ये आरोपी दिल्ली से महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, राजस्थान और अन्य राज्यों के विद्यार्थियों को व्हाट्सएप के माध्यम से ऑडियो और वीडियो कॉल कर एमएचसीईटी परीक्षा में परसेंटाइल बढ़ाने का लालच देते थे। क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के पास से पांच एप्पल मोबाइल फोन, एक एप्पल मैकबुक, एक ब्लूटूथ हेडफोन और 64 जीबी का एक पेन ड्राइव जब्त किया है। मुंबई पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि इस गिरोह के तार और कहां तक जुड़े हैं।




