
मुंबई। मुंबई के प्रभादेवी स्थित रवींद्र नाट्य मंदिर में 25 से 27 अप्रैल 2025 तक “भारत रत्न पंडित भीमसेन जोशी शास्त्रीय संगीत महोत्सव” का आयोजन सांस्कृतिक कार्य संचालनालय द्वारा किया जा रहा है। यह महोत्सव सांस्कृतिक कार्य एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री एड. आशिष शेलार की संकल्पना पर आधारित है और मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव तथा सांस्कृतिक कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव विकास खारगे के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव प्रतिदिन शाम 6:00 से रात 10:00 बजे तक आयोजित होगा और इसमें प्रवेश निशुल्क रहेगा। 25 अप्रैल को विदुषी अश्विनी भिडे-देशपांडे और उस्ताद शाहिद परवेज शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगे, 26 अप्रैल को डॉ. भरत बलवल्ली व विदुषी मंजुषा पाटील और 27 अप्रैल को पं. आनंद भाटे व पं. उल्हास कशाळकर की प्रस्तुतियां होंगी। प्रवेश पास रवींद्र नाट्य मंदिर प्रभादेवी, छत्रपति शिवाजी नाट्य मंदिर दादर और यशवंत नाट्य मंदिर माटुंगा से प्राप्त किए जा सकते हैं। सांस्कृतिक कार्य संचालनालय के निदेशक विभीषण चवरे ने संगीत प्रेमियों से इस विशेष अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।




