
डॉ अंशुमान अग्निहोत्री
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। शासन की मंशा के अनुरूप एवं पुलिस अधीक्षक उन्नाव श्री जयप्रकाश सिंह के कुशल निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री प्रेमचंद की अध्यक्षता में गुरुवार, 9 अक्टूबर 2025 को सेंट पीटर्स स्कूल, मोती नगर में मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत छात्राओं के सशक्तिकरण हेतु एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह, उप निरीक्षक उमा अग्रवाल, डॉ. आशीष श्रीवास्तव, महिला आरक्षी सिमरन सिंह, आरक्षी हेमंत कुमार, आरक्षी अंशु त्यागी एवं अंजलि ने सहभागिता की। सेमिनार के दौरान छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं स्वावलंबन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह ने छात्राओं को शासन द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर- 1090, 1076, 1098, 181, 112, 102, 108, 1930 के बारे में विस्तार से बताया और उन्हें निडर होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित किया। उप निरीक्षक उमा अग्रवाल के नेतृत्व में छात्राओं के बीच जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए। डॉ.आशीष श्रीवास्तव द्वारा प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े प्रश्न पूछे। अतिथियों ने सभी प्रश्नों के उत्तर उत्साहपूर्वक दिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री प्रेमचंद ने “नारी सशक्तिकरण” पर एक प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत की और यह घोषणा की कि विद्यालय में शीघ्र ही सेल्फ डिफेंस क्लासेस प्रारंभ कराई जाएंगी। विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती डी. डी. शुक्ला एवं प्रधानाचार्या संध्या जी ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। यह आयोजन मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।