
मुंबई (इंद्र यादव)। भांडुप इलाके में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 30 वर्षीय युवक ‘हॉट कंटेंट’ के लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई से ₹3.59 लाख गंवा बैठा। एक अनजान लिंक पर क्लिक करना उसे इतना महंगा पड़ा कि कुछ ही मिनटों में उसका बैंक अकाउंट खाली हो गया।पूरी घटना की शुरुआत व्हाट्सऐप पर आए एक मैसेज से हुई। युवक को एक अनजान नंबर से “College Girl Live Porn” नाम की APK फाइल का लिंक भेजा गया। जैसे ही उसने इस फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल किया, उसका मोबाइल फोन पूरी तरह हैक हो गया और हैकर्स ने उस पर नियंत्रण हासिल कर लिया।साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, यह एक खतरनाक मैलवेयर अटैक था। ऐप इंस्टॉल होते ही हैकर्स ने फोन का रिमोट एक्सेस ले लिया, जिसके जरिए वे बैंक से जुड़े मैसेज, ओटीपी और अन्य संवेदनशील जानकारी पढ़ने लगे। इसके बाद ठगों ने 11 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए युवक के खाते से कुल ₹3.59 लाख निकाल लिए। जब तक पीड़ित को इस ठगी का एहसास हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन से संपर्क किया। मुंबई पुलिस के भांडुप पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपियों की तलाश जारी है।साइबर विशेषज्ञों ने लोगों को सावधान करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी अनजान APK फाइल को डाउनलोड न करें और केवल गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही ऐप इंस्टॉल करें। साथ ही ‘एडल्ट कंटेंट’, ‘फ्री रिचार्ज’ या ‘लॉटरी’ जैसे लालच देने वाले लिंक से दूर रहने की सलाह दी गई है।विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी ऐप को इंस्टॉल करते समय उसकी परमिशन जरूर जांचें। अगर कोई ऐप बिना कारण आपके मैसेज, कॉन्टैक्ट या गैलरी तक पहुंच मांगता है, तो उसे तुरंत डिलीट कर दें। इंटरनेट पर दिखने वाली हर ‘मुफ्त’ चीज सुरक्षित नहीं होती—कई बार इसकी कीमत आपका बैंक अकाउंट भी हो सकता है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।




