
नवी मुंबई। नवी मुंबई के एपीएमसी पुलिस स्टेशन ने 9 साल की बच्ची से छेड़छाड़ करने के आरोप में 34 वर्षीय विनोद कुमार केदारनाथ पांडे को महज 18 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। यह घटना 6 मार्च, 2025 को दोपहर 1:30 बजे एपीएमसी पुलिस क्षेत्राधिकार में हुई थी। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मामला दर्ज किया और दोपहर 3:17 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। विनोद कुमार डी-554, सब्जी मंडी, एपीएमसी, नवी मुंबई का निवासी है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का रहने वाला है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और 75 (1) (i) और POCSO अधिनियम, 2012 की धारा 8 और 12 के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने गवाहों के बयान, पीड़िता की गवाही, मेडिकल रिपोर्ट, फोरेंसिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाकर मजबूत आरोप पत्र तैयार किया और बेलापुर स्थित विशेष सत्र न्यायालय में पेश किया।
फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग
पुलिस ने तेजी से न्याय दिलाने के लिए मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में करने का अनुरोध किया। इसके अलावा, पीड़िता को ‘मनोधैर्य योजना’ के तहत सरकारी सहायता भी उपलब्ध कराई गई। पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर इस त्वरित कार्रवाई ने महिलाओं की सुरक्षा की भावना को मजबूत किया है और पीड़िता को जल्द न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ाई है।