
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने करीब 13 हजार करोड़ रुपये के नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक अहम आरोपी को गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल ने सिक्किम से तिलक नाम के आरोपी को धर दबोचा, जो इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट के लिए थाईलैंड से गांजा मंगाकर भारत में सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक, तिलक इस नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था और थाईलैंड से मादक पदार्थ लाकर देश के विभिन्न हिस्सों में उसकी आपूर्ति की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसकी गिरफ्तारी से इस सिंडिकेट के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन, फंडिंग और सप्लाई चैन से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि इससे पहले 2 अक्टूबर 2024 को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई में दिल्ली, गुजरात और पंजाब से करीब 13 हजार करोड़ रुपये की कोकीन और गांजा बरामद किया था, जिसे देश में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक माना गया। उस मामले में अब तक 15 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में सामने आया है कि यह पूरा रैकेट एक संगठित अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट के तहत संचालित हो रहा था, जिसके तार कई देशों से जुड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार, इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड वीरेंद्र बसोया है, जो फिलहाल देश से बाहर फरार है। वहीं उसके बेटे ऋषभ बसोया के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है और वह भी विदेश में छिपा बताया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से उसकी तलाश जारी है। बता दें कि जब कोई आरोपी अपराध करने के बाद देश से फरार होकर विदेश में छिप जाता है, तो उसकी गिरफ्तारी के लिए इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जाता है।




