Saturday, February 7, 2026
Google search engine
HomeCrimeदुकानों की पिछली दीवार तोड़कर चोरी करने वाले इंटर-स्टेट गैंग का पर्दाफाश,...

दुकानों की पिछली दीवार तोड़कर चोरी करने वाले इंटर-स्टेट गैंग का पर्दाफाश, दो कुख्यात आरोपी गिरफ्तार

मुंबई। जे.जे. मार्ग पुलिस ने दुकानों और घरों की पिछली दीवारें तोड़कर चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सेवरी दारुखाना इलाके से दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और पुणे जिलों में दर्ज कम से कम सात चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खास तौर पर उन दुकानों और घरों को निशाना बनाते थे, जिनकी पिछली दीवारें कमजोर होती थीं। वे लोहे की छड़ों की मदद से दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करते थे और इस बात का विशेष ध्यान रखते थे कि मुख्य दरवाजा और ताला सुरक्षित रहे, ताकि चोरी का शक तुरंत न हो। इसी तरीके से 2 जनवरी 2026 को दक्षिण मुंबई के आई.आर. रोड पर स्थित ‘बशीर मेहंदी’ नामक एक बंद दुकान में चोरी की गई थी। आरोपियों ने दुकान के बाथरूम की खिड़की और दीवार तोड़कर अंदर घुसते हुए काउंटर का दराज तोड़ा और वहां से करीब 1.50 लाख रुपये नकद व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद जे.जे. मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रईस शेख ने गहन जांच के निर्देश दिए। पीएसआई प्रशांत नेरकर और उनकी टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर यह सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहचान छिपाने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते हैं। जांच के दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी शराब पीने के लिए सेवरी (दारुखाना) इलाके में आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और कुछ देर की निगरानी व पीछा करने के बाद दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शरीफुल इस्लाम अब्दुल सत्तार शेख (51) और सलीम रऊफ खान (52) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने अपराध स्वीकार करते हुए महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में इसी तरीके से चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से जुड़े और कितने अपराध अभी तक सामने नहीं आए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments