Saturday, March 7, 2026
Google search engine
HomeIndiaहरिद्वार में अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, कई परियोजनाओं का किया...

हरिद्वार में अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, कई परियोजनाओं का किया लोकार्पण

हरिद्वार, उत्तराखंड। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को उत्तराखंड के हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के 25 वर्षों का महोत्सव शुरू करवाया है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब उत्तराखंड अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा था, लेकिन आज राज्य अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य आंदोलन के दौरान युवाओं पर कांग्रेस और समाजवादी दलों की सरकारों ने दमन किया था। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया था। उस समय कांग्रेस छोटे राज्यों की आर्थिक व्यवहार्यता पर सवाल उठा रही थी, लेकिन वाजपेयी ने उत्तराखंड के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे नए राज्यों का गठन किया, जो आज विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। शाह ने कहा कि अटल जी ने राज्य बनाया और अब मोदी सरकार उसे आगे बढ़ाने का काम कर रही है। गृह मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान लगभग 1900 युवाओं को पुलिस आरक्षी के पद पर नियुक्ति दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान व्यवस्था में बिना सिफारिश और बिना रिश्वत के युवाओं को नौकरी मिल रही है, जो सुशासन का उदाहरण है। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए करीब 200 लोगों को भारत की नागरिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने अपने धर्म और सम्मान की रक्षा के लिए भारत में शरण ली थी और उन्हें नागरिकता देना सरकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए सरकार ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) लागू किया है, जिसका कुछ राजनीतिक दल विरोध कर रहे हैं। अमित शाह ने राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार की भी सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि देश में जहां भी घुसपैठिए होंगे, उन्हें चिन्हित कर बाहर निकालने का काम किया जाएगा। उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा की जा रही कार्रवाई लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम के माध्यम से सीमांत गांवों का विकास किया जा रहा है, ताकि वहां से पलायन रोका जा सके। उन्होंने कहा कि इस योजना का सबसे अधिक लाभ उत्तराखंड जैसे सीमावर्ती राज्यों को मिल रहा है।
अमित शाह ने अपने संबोधन में भविष्य के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2026 में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भाजपा और एनडीए की सरकार बनने का रास्ता तैयार हो रहा है, जबकि उत्तराखंड में 2027 में एक बार फिर प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments