
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। फसल कटाई के पश्चात चकरोड, सेक्टर मार्ग, सरकारी एवं निजी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि पैमाइश के बाद की गई पत्थर गड्डी को यदि कोई उखाड़कर पुनः कब्जा करता है तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश उन्होंने तहसील गरौठा सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भूमि विवादों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लेखपाल, राजस्व कर्मी व संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर नाप-जोख कर विवादों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन/आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहकर शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के फीडबैक में कई मामलों में निस्तारण असंतोषजनक पाया गया है, जो गंभीर विषय है। इस प्रकार की शिथिलता से जिले की रैंकिंग प्रभावित होती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्रुटिपूर्ण या खानापूर्ति के आधार पर निस्तारित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
भूमि संबंधी प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने सभी लेखपालों और राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में नियमित रूप से जाकर स्वयं पैमाइश करें, ताकि भूमि विवाद उत्पन्न ही न हों। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों के मामलों में धारा 145, धारा 151 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी और सरकारी भूमि पर कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि 10 फरवरी को जनपद के समस्त शासकीय एवं निजी विद्यालयों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को स्कूल अवश्य भेजें, ताकि उन्हें एल्बेंडाजोल टैबलेट दी जा सके। उन्होंने बताया कि यह दवा सुरक्षित है और बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी है। कार्यक्रम के दौरान कई गंभीर भूमि विवादों की शिकायतें भी सामने आईं, जिन पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम, तहसीलदार एवं पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सही पाई गई शिकायतों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया गया तथा आंखों की जांच सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की गईं। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बीबीजीटीएस मूर्ति, प्रभागीय वनाधिकारी श्री नीरज कुमार आर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधाकर पांडेय, एसडीएम श्री सुनील कुमार सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




