
भूपेंद्र सिंह/उन्नाव, उत्तर प्रदेश। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बांगरमऊ कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्पोर्ट बाइक, नकदी तथा चोरी की वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। आवश्यक लिखापढ़ी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कोतवाली के अतिरिक्त निरीक्षक राकेश कुमार हमराह सिपाहियों के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उन्नाव मार्ग पर ग्राम केशवपुर के निकट तीन संदिग्ध युवक किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम राज कश्यप उर्फ रजत पुत्र पप्पू, राजा कश्यप पुत्र मूलचंद निवासीगण काशीराम कॉलोनी उन्नाव तथा साहिल उर्फ मोहम्मद रहमान पुत्र रसीद निवासी उम्मीदों का शहर, काशीराम कॉलोनी उन्नाव बताए। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से करीब ढाई लाख रुपये कीमत की चोरी की स्पोर्ट बाइक, 16 हजार रुपये नकद तथा चोरी की घटना को अंजाम देने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने संडीला रोड स्थित आरएस चौराहे पर 5 माह पूर्व चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार तीनों युवक शातिर अपराधी हैं और इनके विरुद्ध विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है।



