
सांगली। कुपवाड़ एमआईडीसी क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात में उमेश मच्छिंद्र पाटिल नामक युवक की लोहे की रॉड से निर्मम हत्या कर दी गई। यह घटना नटराज कंपनी के पास अंधेरे में हुई, जहां हमलावरों ने प्रेम-संबंधों के विवाद के चलते उमेश पर बेरहमी से वार किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस में मृतक के भाई महेश पाटिल ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर कुपवाड़ एमआईडीसी पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों- साहिल उर्फ सुमित मधुकर खिलारे और अथर्व किशोर शिंदे को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि उमेश और अथर्व एक ही कार्डबोर्ड फैक्ट्री में काम करते थे। शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे अथर्व ने अपने साथी के साथ मिलकर नटराज कंपनी के पास उमेश पर लोहे की रॉड से हमला किया। खून से लथपथ हालत में उमेश को ‘आयुष्य हेल्पलाइन’ की एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मिरज के पुलिस उपाधीक्षक प्रणिल गिल्डा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुपवाड़ पुलिस स्टेशन के प्रभारी दीपक भंडवलकर और अपराध शाखा के सतीश शिंदे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तेजी से जांच करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल की है। प्रारंभिक जांच में यह हत्या प्रेम प्रसंग से प्रेरित बताई जा रही है। मामले में कुपवाड़ पुलिस स्टेशन में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की छानबीन जारी है।