
पालघर। पालघर जिले के वसई इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय श्रेय अग्रवाल नाम के युवक ने जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस सूंघकर आत्महत्या कर ली। वसई पूर्व के स्पैनिश विला इलाके में स्थित बंगले में उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। श्रेय दो दिनों से किसी के संपर्क में नहीं था, जिससे उसके परिवार को चिंता हुई। इसके बाद उसकी बहन ने मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि श्रेय वसई स्थित एक बंगले में है। जब पुलिस वहां पहुंची, तो उसे मृत पाया गया।
सुसाइड नोट में लिखी बीमारी की बात
पुलिस को मौके से एक लंबा सुसाइड नोट मिला, जिसमें श्रेय ने लिखा कि वह किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और इस तकलीफ से मुक्ति चाहता था। उसने स्पष्ट किया कि उसकी मौत के लिए किसी और को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
सावधानी बरतते हुए की आत्महत्या
श्रेय के आत्महत्या के तरीके ने पुलिस को भी हैरान कर दिया। उसने बंगले की खिड़कियों और दरवाजों को प्लाईवुड और टेप से पूरी तरह सील कर दिया था, ताकि गैस बाहर न निकले। कमरे के बाहर एक चेतावनी वाला नोट भी चिपकाया गया था, जिसमें अंदर जाने वालों के लिए सुरक्षा निर्देश दिए गए थे। पुलिस को बंगले से पांच कार्बन मोनोऑक्साइड सिलेंडर मिले हैं। बताया जा रहा है कि युवक ने खुद को कार्बन मोनोऑक्साइड सिलेंडर से बांधा था और हेलमेट पहनकर नेबुलाइजर ट्यूब के जरिए गैस ली थी। घटना की सूचना मिलते ही नायगांव पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल नायगांव पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




