
मुंबई। सोमवार, 2 फरवरी को मुंबई के नागपाड़ा इलाके में एक रिहायशी अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग सिटी सेंट्रल मॉल के पास स्थित पांच मंजिला कैलाश अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल पर एक फ्लैट में लगी। आग की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड (एमएफबी) और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और एम्बुलेंस घटनास्थल पर तैनात की गई हैं। मुंबई ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, आग की वजह से कैलाश अपार्टमेंट के आसपास ट्रैफिक मूवमेंट धीमा हो गया है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और राहत कार्य के चलते सड़क पर जाम की स्थिति बन गई है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी देते हुए कहा- आग लगने की वजह से सिटी सेंट्रल मॉल (नागपाड़ा) के पास कैलाश अपार्टमेंट में ट्रैफिक मूवमेंट धीमा है। फिलहाल राहत की बात यह है कि अब तक किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और प्रशासन ने लोगों से इलाके में सावधानी बरतने की अपील की है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।




