
नवी मुंबई। मानवता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सिख पंथ के नवें गुरु गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम के अवसर पर शनिवार को खारघर में भव्य जनकल्याण चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सहायता निधि कोश के सौजन्य से आयोजित इस उपक्रम को देशभर से आए श्रद्धालुओं का उत्स्फूर्त प्रतिसाद प्राप्त हुआ। समागम में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की समग्र देखभाल के लिए विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में बहुआयामी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में फिजियोथेरेपी सेवा कक्ष, दंत रोग विशेषज्ञ कक्ष, अस्थि रोग विशेषज्ञ कक्ष, कान-नाक-गला (ईएनटी) विशेषज्ञ कक्ष, हृदय रोग विशेषज्ञ कक्ष, मेडिसिन विभाग तथा ईसीजी एवं रक्तचाप जांच कक्ष की व्यवस्था की गई थी। विशेष रूप से कैंसर स्क्रीनिंग जांच और निःशुल्क कीमोथेरेपी सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। रक्तदान शिविर के माध्यम से अनेक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक प्रतिबद्धता निभाई, वहीं जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क दवा वितरण की भी व्यवस्था की गई। इस शिविर में एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डीन डॉ. जी. एस. नरशेट्टी के नेतृत्व में डॉ. प्रदीप सावर्डेकर, डॉ. नव्या बाबू, डॉ. आदित्य ढाकणे, डॉ. मोहिनी धर्मा सहित अन्य चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान कीं। इसके अतिरिक्त नवी मुंबई महानगरपालिका, पनवेल महानगरपालिका, कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका, उल्हासनगर महानगरपालिका, ठाणे महानगरपालिका तथा स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सहयोग से व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विभिन्न जांचें कराईं और विशेषज्ञ चिकित्सकों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। स्वास्थ्य और अध्यात्म का सुंदर संगम प्रस्तुत करने वाले इस उपक्रम ने समागम को सामाजिक उत्तरदायित्व की सशक्त दिशा प्रदान की। मानवता की रक्षा हेतु दिए गए महान बलिदान की स्मृति में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर ने “सेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि है” का संदेश देते हुए समाजोपयोगी कार्य का आदर्श प्रस्तुत किया।




