Sunday, February 22, 2026
Google search engine
HomeCrimeअमेरिकी नागरिक से मोबाइल छीनने वाला शातिर लुटेरा गिरफ्तार, आईफोन और स्कूटी...

अमेरिकी नागरिक से मोबाइल छीनने वाला शातिर लुटेरा गिरफ्तार, आईफोन और स्कूटी बरामद

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के उत्तरी जिले में कोतवाली थाना पुलिस ने एक अमेरिकी नागरिक से मोबाइल फोन छीनने की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है। पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के साथ मोबाइल छीनने के दो मामलों का खुलासा हुआ है। यह घटना 15 जनवरी 2026 की देर रात की है, जब 37 वर्षीय अमेरिकी नागरिक जिंग टेंग चांदनी चौक क्षेत्र में खरीदारी के लिए आए हुए थे। इसी दौरान ओमेक्स मॉल, चांदनी चौक के सामने एक स्कूटी सवार युवक ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। विदेशी नागरिक से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर ज्ञान प्रकाश, इंस्पेक्टर कानून एवं व्यवस्था के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। यह टीम इंस्पेक्टर सुमन कुमार, एसएचओ कोतवाली की निगरानी में तथा एसीपी कोतवाली शंकर बनर्जी के मार्गदर्शन में काम कर रही थी। टीम में हेड कांस्टेबल भूदेव, हेड कांस्टेबल नरेंद्र, कांस्टेबल विपुल, कांस्टेबल पूरन और कांस्टेबल अमित को शामिल किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण में आरोपी की स्पष्ट तस्वीरें सामने आईं, जिनमें वह मोबाइल छीनते हुए और पीड़ित द्वारा पीछा किए जाते हुए नजर आया। इसके बाद स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान तौसीफ उर्फ तोशिफ के रूप में हुई, जो अजमेरी गेट इलाके के शाहगंज स्थित गली सक्को वाली का रहने वाला है और थाना कमला मार्केट का सक्रिय हिस्ट्रीशीटर है। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 19 जनवरी 2026 की सुबह गली सक्को वाली, जीबी रोड इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी उस समय एक और वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। पूछताछ में आरोपी ने 15 जनवरी की रात ओमेक्स मॉल के बाहर अपने पिता की होंडा एक्टिवा स्कूटी से मोबाइल छीनने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पीड़ित का छीना गया एप्पल आईफोन 14 प्रो उसके घर से बरामद किया गया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी, घटना के समय पहने गए कपड़े और जूते भी जब्त कर लिए गए। आरोपी ने 12 जनवरी 2026 की देर रात पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास हुई एक अन्य मोबाइल छीनने की घटना में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, तौसीफ उर्फ तोशिफ एक स्कूल ड्रॉपआउट है और पहले मीट की दुकान पर काम करता था। नशे की लत के चलते वह अपराध की दुनिया में उतर गया और पिछले 15 वर्षों में लूट और छीनाझपटी के करीब 10 मामलों में संलिप्त रहा है। वह अक्टूबर 2025 में जेल से रिहा हुआ था और बाहर आते ही दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments