
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस को लेकर कथित रूप से अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में सिंगर अंजलि भारती विवादों में घिर गई हैं। इस मामले ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर दी है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की वरिष्ठ नेता और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शिवसेना यूबीटी महिला विंग की ओर से प्रतिक्रिया देते हुए किशोरी पेडनेकर ने कहा- शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) महिला विंग की ओर से हम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस के खिलाफ सिंगर अंजलि भारती द्वारा इस्तेमाल की गई गंदी, अश्लील और बेहद आपत्तिजनक भाषा की कड़ी निंदा करते हैं। ऐसी भाषा किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। बताया जा रहा है कि अंजलि भारती ने बलात्कार जैसे गंभीर मुद्दे पर बोलते हुए यह टिप्पणी की थी, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक दलों और महिला संगठनों में व्यापक आक्रोश देखने को मिला। सभी पक्षों ने इन टिप्पणियों को महिला विरोधी, अशोभनीय और मर्यादा की सभी सीमाओं को लांघने वाला बताया है। इस मामले में महाराष्ट्र बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष चित्रा वाघ ने भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान महिलाओं के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देते हैं और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर इन्हें सही नहीं ठहराया जा सकता। चित्रा वाघ ने इन टिप्पणियों को “घिनौना और खतरनाक” करार देते हुए अंजलि भारती के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिवसेना के पूर्व नेता संजय निरुपम ने भी अंजलि भारती की आलोचना की। उन्होंने बयान को शर्मनाक बताते हुए कहा कि महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है, लेकिन इस तरह की भाषा और उकसावे को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। एक अन्य पोस्ट में निरुपम ने आरोप लगाया कि यह टिप्पणी डॉ. बी. आर. अंबेडकर की तस्वीर के सामने खड़े होकर की गई, जिसे उन्होंने सामाजिक पतन का गंभीर और चिंताजनक संकेत बताया। गौरतलब है कि अंजलि भारती खुद को एक विद्रोही सिंगर और बौद्ध अनुयायी बताती हैं। वह ‘दीदी अंजलि भारती’ नाम से एक यूट्यूब चैनल चलाती हैं, जिसके लगभग 5.75 लाख सब्सक्राइबर हैं और उस पर 1,500 से अधिक वीडियो अपलोड किए जा चुके हैं। उनके अधिकांश वीडियो डॉ. भीमराव अंबेडकर, सामाजिक न्याय और समसामयिक मुद्दों पर आधारित हैं। फिलहाल, इस विवाद के बाद अंजलि भारती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी या नहीं, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। वहीं, राजनीतिक दलों और महिला संगठनों ने एक स्वर में यह स्पष्ट कर दिया है कि महिलाओं के सम्मान के खिलाफ किसी भी तरह की भाषा या बयानबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




