
गोंदिया। अर्जुनो मोरगांव तहसील के संजयनगर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना हुई। तेंदुए के हमले में 5 वर्षीय अंश प्रकाश मंडल की मौत हो गई। सुबह करीब 5:30 बजे अंश अपनी दादी अर्चना झोडू मंडल के साथ घर के आंगन में गया था। इसी दौरान तेंदुआ अचानक झपट पड़ा और गला दबोचकर बच्चे को खेत की ओर खींच ले गया।
अंश की चीख सुनकर दादी और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर भाग गया। गंभीर रूप से घायल अंश को ग्रामीणों ने तुरंत केशोरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस को सूचित किया गया। हादसे के बाद ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया और सुबह 7 बजे लोगों ने केशोरी-नवेगांव रोड जाम कर अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि एक महीने में यह दूसरा हमला है। 29 अगस्त को इटियादोह बांध के पास भी तेंदुए के हमले में 4 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ था।




