
गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश। गाजियाबाद स्थित सीबीआई अकादमी ने प्रशिक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नेशनल स्टैंडर्ड्स फॉर सिविल सर्विसेज ट्रेनिंग इंस्टीट्यूशंस (एनएससीएसटीआई) फ्रेमवर्क 2.0 के तहत सर्वोच्च मान्यता ‘सर्वोत्कृष्ट’, यानी 5-स्टार ग्रेडिंग प्राप्त की है। यह किसी भी सरकारी प्रशिक्षण संस्थान को मिलने वाला सबसे ऊंचा दर्जा माना जाता है। केंद्रीय सेवाओं के प्रशिक्षण संस्थानों का मूल्यांकन और मान्यता क्षमता निर्माण आयोग (सीबीसी) द्वारा की जाती है, जिसमें नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (एनएबीईटी) सहयोगी संस्था के रूप में शामिल है। एनएबीईटी, क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के अंतर्गत कार्यरत एक वैधानिक निकाय है। गौरतलब है कि सीबीआई अकादमी को इससे पहले वर्ष 2023 में ‘अति-उत्तम’ यानी 2-स्टार ग्रेडिंग मिली थी। अब अकादमी ने उल्लेखनीय प्रगति करते हुए सीधे 5-स्टार स्तर हासिल किया है, जिसे एक बड़ी छलांग के रूप में देखा जा रहा है।
संयुक्त टीम ने किया गहन मूल्यांकन
पुनः मान्यता प्रक्रिया के तहत सीबीसी और एनएबीईटी की संयुक्त टीम ने 8 और 9 जनवरी 2026 को सीबीआई अकादमी, गाजियाबाद का दौरा किया। इस दौरान टीम ने अकादमी की प्रशिक्षण व्यवस्था, संस्थागत प्रक्रियाओं और प्रशासनिक ढांचे का व्यापक और गहन मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान न केवल दस्तावेजों की जांच की गई, बल्कि बुनियादी ढांचे, डिजिटल सिस्टम, प्रशिक्षण पद्धतियों और आधुनिक शिक्षण तकनीकों को भी बारीकी से परखा गया।
8 स्तंभों और 43 मानकों पर परखी गई क्षमता
यह मूल्यांकन एनएससीएसटीआई फ्रेमवर्क 2.0 के अंतर्गत किया गया, जिसमें कुल 8 प्रमुख स्तंभों और 43 अलग-अलग मानकों को शामिल किया गया। इनमें प्रशिक्षण आवश्यकताओं का आकलन, पाठ्यक्रम की रूपरेखा, फैकल्टी विकास, संसाधनों की उपलब्धता, प्रशिक्षण लक्ष्यों की प्राप्ति, प्रशिक्षुओं के लिए सहायता प्रणाली, डिजिटल तकनीक का उपयोग, प्रशिक्षण गुणवत्ता, संस्थागत सहयोग, संचालन व्यवस्था और गवर्नेंस जैसे अहम पहलू शामिल रहे। सभी मानकों की विस्तृत समीक्षा के बाद मूल्यांकन टीम इस निष्कर्ष पर पहुंची कि सीबीआई अकादमी, गाजियाबाद, निर्धारित उच्चतम मानकों पर पूरी तरह खरी उतरती है। इसी आधार पर अकादमी को ‘सर्वोत्कृष्ट’ (5-स्टार) मान्यता प्रदान की गई।
गुणवत्ता और पेशेवर उत्कृष्टता की पहचान
यह सम्मान सीबीआई अकादमी की निरंतर मेहनत, उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग और पेशेवर उत्कृष्टता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह उपलब्धि भविष्य में केंद्रीय सेवाओं के प्रशिक्षण मानकों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




