
पालघर। मनपा चुनाव की घोषणा होते ही शहर में सियासी हलचल तेज़ हो गई है। सभी राजनीतिक दल और उम्मीदवार अपने-अपने तरीके से मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। इसी क्रम में प्रभाग क्रमांक 8 से बहुजन विकास आघाड़ी (बीवीए) के उम्मीदवार पंकज पाटिल ने चुनाव प्रचार का एक ऐसा अनोखा तरीका अपनाया है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। पंकज पाटिल ने अपनी निजी कार को पूरी तरह बहुजन विकास आघाड़ी के आधिकारिक पीले रंग में रंगवा दिया है। सड़क पर दौड़ती यह चमकदार पीली कार अब पूरे प्रभाग में चर्चा का विषय बनी हुई है। पार्टी का पीला रंग लंबे समय से बीवीए की पहचान रहा है और इसी पहचान को और मज़बूत करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह का प्रचार पारंपरिक पोस्टर, बैनर और होर्डिंग से अलग होने के कारण लोगों को तुरंत आकर्षित करता है। सड़क पर कार को देखकर लोग रुककर देखने लगते हैं और उम्मीदवार के बारे में बातचीत शुरू हो जाती है। कई लोगों का मानना है कि इस तरह का दृश्य प्रचार मतदाताओं के मन में उम्मीदवार की छवि को जल्दी और स्थायी रूप से स्थापित करने में मदद करता है। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी इस अनोखे प्रचार को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सोशल मीडिया के दौर में ऐसे दृश्य तेजी से वायरल होते हैं। पीली कार की तस्वीरें और वीडियो लोगों द्वारा शेयर किए जा रहे हैं, जिससे बिना अतिरिक्त खर्च के उम्मीदवार और पार्टी दोनों को व्यापक प्रचार मिल रहा है। एक कार्यकर्ता ने बताया- आजकल लोग वही चीज़ जल्दी याद रखते हैं, जो सबसे अलग दिखे। पंकज पाटिल की पीली कार उसी रणनीति का हिस्सा है। यह चलते-फिरते प्रचार का एक प्रभावी माध्यम बन गई है।अब चुनावी मैदान में यह देखना दिलचस्प होगा कि पंकज पाटिल का यह अनोखा प्रचार प्रयोग मतदाताओं पर कितना असर डालता है और क्या यह पीली कार उन्हें जीत की मंज़िल तक पहुंचाने में सफल होती है या नहीं। फिलहाल, इतना तय है कि प्रभाग क्रमांक 8 में पंकज पाटिल का चुनाव प्रचार सबसे अलग और चर्चित बन चुका है।




