
सुख-समृद्धि और विकास की कामना, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
झांसी (उत्तर प्रदेश)। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने नववर्ष सन् 2026 के शुभारम्भ अवसर पर जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नया वर्ष जनपद के लिए विकास, प्रगति और जनकल्याण के नए अवसर लेकर आएगा। जिलाधिकारी ने जनपद स्तरीय अधिकारियों से आह्वान किया कि वे पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि झांसी को प्रदेश के अग्रणी जनपदों में शामिल किया जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि शासन द्वारा संचालित विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को नए वर्ष में और अधिक गति मिलेगी।
जनकल्याणकारी योजनाओं से बेहतर हो रहा जीवन स्तर
उन्होंने कहा कि जनपद में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं और योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे आम जनता का जीवन स्तर निरंतर बेहतर हो रहा है। सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों का लाभ गांव, गरीब, किसान, युवा, महिलाएं सहित समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। इसके परिणामस्वरूप आज जनपद प्रदेश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
भीषण शीतलहर से बचाव को प्रशासन प्रतिबद्ध
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन हर गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति को भीषण शीतलहर से बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को ठंड के कारण परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है।
रैन बसेरा और गौशालाओं का औचक निरीक्षण करने के निर्देश
नववर्ष के अवसर पर जनपद स्तरीय अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान रैन बसेरा और गोश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण किया जाए और ठंड से बचाव की सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं।
अलाव और कंबल वितरण सुनिश्चित करने के आदेश
जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने समस्त उप जिलाधिकारियों तथा नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीषण शीतलहर को देखते हुए क्षेत्रों में अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्बल, असहाय और गरीब व्यक्तियों को ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरण भी अनिवार्य रूप से कराया जाए।




