
नवी मुंबई। महाराष्ट्र में हाल ही में हुए नगरपालिका चुनावों में शिवसेना को सबसे अधिक सीटें मिलने के बाद पार्टी की ताकत लगातार बढ़ रही है। नवी मुंबई में शिवसेना की मजबूत होती स्थिति पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि इस सफलता के बाद लापरवाह होने के बजाय सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना चाहिए और नवी मुंबई महानगरपालिका पर महायुति का भगवा झंडा लहराना चाहिए। वे नवी मुंबई में आयोजित शिवसेना पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में सांसद नरेश म्हस्के, नवी मुंबई मनपा के पूर्व नेता विपक्ष विजय चौगुले, उपनेता विजय नाहटा, जिला प्रमुख द्वारकानाथ भोईर, किशोर पाटकर, अंकुश कदम सहित शिवसेना, महिला आघाड़ी, युवा सेना के पदाधिकारी, नगरसेवक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट), एनसीपी (शरदचंद्र पवार गुट) और अन्य दलों के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शिवसेना में शामिल हुए। पार्टी में शामिल होने वालों में अजित पवार गुट की एनसीपी के जिला अध्यक्ष नामदेव भगत, शिवराम पाटिल, रमाकांत म्हात्रे और मनोज हलदनकर प्रमुख हैं। शिंदे ने कहा कि नगरपालिका चुनावों के नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि असली शिवसेना कौन-सी है, जबकि महाविकास अघाड़ी की कुल संख्या सिंगल डिजिट में सिमट गई है। उन्होंने दो टूक कहा कि शिवसेना मालिकों या कर्मचारियों की नहीं, बल्कि काम करने वालों की पार्टी है और जो काम करेगा वही आगे बढ़ेगा। उपमुख्यमंत्री ने पूरे राज्य के शिवसेना कार्यकर्ताओं को जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि पार्टी अब सिर्फ मुंबई-ठाणे तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे महाराष्ट्र में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा चुकी है। नवी मुंबई मनपा चुनावों में गठबंधन को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर बातचीत हो चुकी है और यदि कोई समस्या आती है, तो वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा कर समाधान निकालेंगे।



