
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश। पुलिस आयुक्त जोगेंदर कुमार के आदेश पर बुधवार को कमिश्नरेट प्रयागराज में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। इस बदलाव के तहत आठ सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन किया गया है। यह फेरबदल एसीपी चन्द्रपाल सिंह की 31 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित सेवानिवृत्ति और नवागत अधिकारियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, एसीपी चन्द्रपाल सिंह को सहायक पुलिस आयुक्त थरवई के पद से हटाकर वीआईपी संबद्ध किया गया है। उनकी जगह नवागत एसीपी अरुण कुमार पराशर को थरवई सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, हंडिया सर्किल में तैनात एसीपी सुनील कुमार सिंह को करछना का नया सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है। बताया जाता है कि हंडिया क्षेत्र में उनके व्यवहार को लेकर नागरिकों में नाराजगी थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे वरिष्ठ नागरिकों से अभद्रता से बात करते थे। उनकी बदली को लेकर हंडिया क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है और कुछ नागरिकों ने उनके कार्यकाल की जांच की मांग भी की है। हंडिया सर्किल में उनकी जगह एसीपी शेषधर पांडेय की नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में एसीपी अरुण कुमार त्रिपाठी को करछना सर्किल से हटाकर अपराध एवं कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। एसीपी निकिता श्रीवास्तव को महिला अपराध/लेखा विभाग से स्थानांतरित कर बारा सर्किल का प्रभारी बनाया गया है, जबकि एसीपी कुंजलता को बारा सर्किल से हटाकर महिला अपराध/लेखा का कार्यभार सौंपा गया है। पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। कमिश्नरेट स्तर पर समय-समय पर इस तरह के बदलाव आवश्यक होते हैं, ताकि पुलिसिंग में कार्यकुशलता बनी रहे और जनता का भरोसा मजबूत हो सके।



