
मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियान शीर्षक गीत का लोकार्पण
नागपुर। राज्य में हाल ही में आई बाढ़ के चलते मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियान के कार्यान्वयन में कुछ बाधाएं उत्पन्न हुई थीं, लेकिन अब अभियान को नई शुरुआत मिल गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आशा व्यक्त की कि इसके प्रभावी क्रियान्वयन से गांवों की समृद्धि को नई दिशा मिलेगी। विदर्भ भवन स्थित मंत्रिपरिषद सभागार में अभियान के शीर्षक गीत का लोकार्पण किया गया। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सरपंचों, ग्राम विकास अधिकारियों, समूह विकास अधिकारियों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में ग्राम विकास एवं पंचायतराज मंत्री जयकुमार गोरे भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि किसी भी बड़े अभियान की सफलता का प्रमुख आधार जनसहभाग होता है। जलयुक्त शिवार, नरेगा 11 कलमी कार्यक्रम और मागेल त्याला शेततळे जैसे अभियानों में जनसहभाग एवं जनचेतना के कारण ही महाराष्ट्र देशभर में रोल मॉडल के रूप में उभरा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को डिजिटल, स्व-आर्थिक रूप से सक्षम और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम सभाओं में इस अभियान के समर्थन के लिए कलाकारों की भी उपस्थिति रहेगी। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अभियान से गांवों में विकास और समृद्धि की एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा निर्माण होगी। इसलिए ग्राम पंचायतों को सक्रिय भूमिका निभाते हुए अभियान को सफल बनाना चाहिए। इस अवसर पर ग्रामविकास एवं पंचायतराज मंत्री जयकुमार गोरे ने अभियान की पृष्ठभूमि प्रस्तुत की, जबकि विभाग के प्रधान सचिव एकनाथ डवले ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अभिनेता भारत गणेशपुरे, संदीप पाठक, पृथ्वीक प्रताप, अभिनेत्री शिवाली परब तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियान
राज्य सरकार सन 2025-26 से इस अभियान को चार स्तरों—तालुका, जिला, राजस्व मंडल और राज्य पर प्रतिस्पर्धात्मक स्वरूप में लागू कर रही है। उद्देश्य यह है कि ग्रामीण स्तर की स्वशासन संस्थाएं सरकार की योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करें।
अभियान के प्रमुख घटक:
- सक्षम, सुशासनयुक्त, जलसमृद्ध, स्वच्छ एवं हरित ग्राम पंचायतें
- मनरेगा और अन्य योजनाओं का अभिसरण
- आजीविका विकास एवं सामाजिक न्याय
- जनसहभाग और श्रमदान के माध्यम से जनजागृति
अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतराज संस्थाओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।




