
मुंबई। सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र गिरणी (मिल) कामगार अपने अधिकार के आवास से वंचित न रहे और इसके लिए समयबद्ध कार्यक्रम तैयार किया जाए। कोल्हापुर जिले के गिरणी कामगारों के आवास संबंधी मुद्दों को लेकर गुरुवार को मंत्रालय में आयोजित बैठक में उन्होंने यह निर्देश दिए। बैठक में नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव असीमकुमार गुप्ता सहित म्हाडा, नगर विकास विभाग के अधिकारी और कोल्हापुर जिले के गिरणी कामगारों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। मंत्री आबिटकर ने कहा कि सरकार द्वारा गिरणी कामगारों के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिसके चलते अनेक कामगारों को मुंबई में उनका अधिकारिक घर मिल चुका है, लेकिन शेष पात्र कामगारों को भी जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने सेंच्युरी, एनटीसी और अन्य गिरणियों के श्रमिकों को भी शीघ्र आवास दिलाने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, शेलू (कर्जत) और कारव (ठाणे) स्थित आवास परियोजनाओं के लिए जिन कामगारों ने सहमति दी है, उनकी पुनः पुष्टि करने और सहमति पत्रों का सत्यापन करने के आदेश दिए गए। मंत्री ने संबंधित विभागों को परियोजनाएं समय पर पूरी करने और गिरणी कामगारों को शीघ्र आवास दिलाने के लिए आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।




