
मुंबई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राऊत ने रविवार को महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने यह बयान उस समय दिया जब ठाणे के टेंभी नाका पर दही-हांडी उत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर कटाक्ष किया था। राऊत ने पलटवार करते हुए कहा कि मुंबई और ठाणे को लूटने वाले आज सत्ता में बैठे हैं। उन्होंने दावा किया कि उद्धव ठाकरे के कार्यकाल में मुंबई महानगरपालिका की तिजोरी में 90 हजार करोड़ रुपए जमा थे। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर हम भ्रष्टाचार कर रहे थे, तो खजाने में इतना बड़ा धन कैसे जमा हुआ? मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने संबोधन में कहा था कि उनकी सरकार ‘विशिष्ट लोगों के पास जाने वाला मक्खन’ आम जनता तक पहुँचाएगी और मुंबई महानगरपालिका सहित राज्य की सभी निकायों पर विजय हासिल करेगी। वहीं, उपमुख्यमंत्री शिंदे ने विपक्ष को विकास विरोधी बताते हुए कहा था कि जनता ने उनकी ‘हांडी’ पहले ही फोड़ दी है। इन बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए राऊत ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा शहरी विकास मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने 2 लाख करोड़ रुपए के टेंडर जारी किए, जबकि खजाने में पैसा नहीं था और न ही इन कामों का कोई स्पष्ट ब्योरा है। राऊत ने यह भी आरोप लगाया कि इन सौदों पर 25 प्रतिशत कमीशन लिया गया, जो सीधे शिंदे और फडणवीस गुट तक पहुँचा। उन्होंने कहा, “मुंबई को वास्तव में आप लोगों ने लूटा है। यह राज्य कभी भी आपको माफ नहीं करेगा।