
मुंबई। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार मिश्र ने जनवरी 2025 के दौरान ड्यूटी में सतर्कता और अप्रिय घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 9 कर्मचारियों को महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। सम्मानित कर्मचारियों में वडोदरा मंडल से 3, अहमदाबाद और रतलाम मंडल से 2-2, तथा मुंबई सेंट्रल और राजकोट मंडल से 1-1 कर्मचारी शामिल हैं। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, श्री मिश्र ने सम्मानित कर्मचारियों की सतर्कता की प्रशंसा की और उन्हें अन्य कर्मचारियों के लिए अनुकरणीय बताया। इन कर्मचारियों ने रेल और ट्रैक फ्रैक्चर का पता लगाना, आपातकालीन ब्रेक लगाकर अप्रिय घटनाओं को रोकना, मानव जीवन की रक्षा करना, कोचों में धुआं बुझाना, ब्रेक बाइंडिंग, और लटकती वस्तुओं का पता लगाना जैसे कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पश्चिम रेलवे को अपने इन कर्मचारियों पर गर्व है, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से संभावित घटनाओं को रोका।