Tuesday, October 14, 2025
Google search engine
HomeBusinessमहाराष्ट्र के 67 उत्कृष्ट उद्यमियों को मिलेगा ‘राज्य निर्यात पुरस्कार’

महाराष्ट्र के 67 उत्कृष्ट उद्यमियों को मिलेगा ‘राज्य निर्यात पुरस्कार’

मुंबई। राज्य के उद्यमियों ने अपनी उत्कृष्ट कार्यकुशलता और अभिनव दृष्टिकोण के बल पर वैश्विक बाजार में मजबूत स्थिति बनाई है। उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए राज्य सरकार उन्हें “महाराष्ट्र राज्य निर्यात पुरस्कार” से सम्मानित करेगी। ये पुरस्कार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, उद्योग मंत्री उदय सामंत और उद्योग राज्य मंत्री इंद्रनील नाइक द्वारा सोमवार, 13 अक्टूबर 2025 को मुंबई के होटल ताज लैंड्स एंड में प्रदान किए जाएंगे। वर्ष 2022-23 और 2023-24 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कुल 67 उद्यमियों का चयन किया गया है, जिनमें 46 स्वर्ण पुरस्कार, 17 रजत पुरस्कार और चार प्रशंसा प्रमाण पत्र शामिल हैं। पुरस्कारों का चयन आठ श्रेणियों में किया गया है — बड़ी विनिर्माण इकाइयाँ, सूक्ष्म, लघु और मध्यम निर्माता, व्यापारी निर्यातक, मान्यता प्राप्त निर्यात घराने, व्यापारिक घराने, क्षेत्रीय लघु विनिर्माण निर्यातक, राज्य सरकार के निगम और सेवा निर्यातक। महाराष्ट्र ने निर्यात के क्षेत्र में अपनी राष्ट्रीय अग्रणी स्थिति बनाए रखी है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में राज्य का निर्यात ₹5.57 लाख करोड़ होने का अनुमान है, जो भारत के कुल निर्यात का लगभग 15.05 प्रतिशत है। राज्य के पाँच ज़िले- पुणे, मुंबई उपनगर, मुंबई शहर, ठाणे और रायगढ़। राज्य के कुल निर्यात में 73 प्रतिशत का योगदान करते हैं। महाराष्ट्र मुख्यतः रत्न एवं आभूषण, इंजीनियरिंग सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स और विद्युत उपकरण, रसायन तथा वस्त्र क्षेत्र के उत्पादों का निर्यात अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, हांगकांग, बेल्जियम, यूनाइटेड किंगडम, चीन, सऊदी अरब, नीदरलैंड, जर्मनी और मेक्सिको को करता है। राज्य सरकार ने निर्यात को बढ़ावा देने के लिए ‘महाराष्ट्र निर्यात संवर्धन नीति 2023’ लागू की है, जिसके तहत वित्तीय प्रोत्साहन, बुनियादी ढाँचे का विकास, संस्थागत सहायता, औद्योगिक समूहों का विकास, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनियों में भागीदारी और लॉजिस्टिक श्रृंखला में सुधार जैसी पहलें की जा रही हैं। ‘एक ज़िला एक उत्पाद’ पहल के अंतर्गत राज्य के 36 ज़िलों से 72 विशिष्ट उत्पादों का चयन किया गया है और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्पादों की पहचान बनाने के लिए विशेष सहायता दी जा रही है। उद्योग विभाग का कहना है कि इन पुरस्कारों के माध्यम से उत्कृष्ट उद्यमियों का सम्मान न केवल राज्य में उद्योग को नई ताकत देगा बल्कि नए उद्यमियों को भी प्रेरणा प्रदान करेगा। विभाग ने निर्यातकों से आगामी वर्ष के निर्यात पुरस्कारों के लिए अधिकाधिक भागीदारी दर्ज करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments