Monday, June 2, 2025
Google search engine
HomeUncategorizedअभिनेता आदित्य रॉय कपूर के घर में जबरन घुसी महिला, खार पुलिस...

अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के घर में जबरन घुसी महिला, खार पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

मुंबई। अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के बांद्रा पश्चिम स्थित आवास में 26 मई को एक अज्ञात महिला के जबरन घुसने का मामला सामने आया है। बाद में 47 वर्षीय महिला की पहचान दुबई निवासी गज़ाला झाकरिया सिद्दीकी के रूप में हुई, जिसने दावा किया कि वह अभिनेता को एक उपहार देना चाहती थी। हालांकि अभिनेता ने महिला को पहचानने से साफ इनकार कर दिया। इस घटना के बाद खार पुलिस ने महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एफआईआर के अनुसार, अभिनेता के बांद्रा स्थित रिज़वी कॉम्प्लेक्स में उस समय केवल उनकी 49 वर्षीय घरेलू सहायिका संगीता पवार मौजूद थीं, क्योंकि अभिनेता किसी शूटिंग के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। शाम करीब 6 बजे एक महिला दरवाजे पर आई और आदित्य रॉय कपूर का पता पूछते हुए कहा कि उसे उनसे “शाम 6 बजे” मिलना है। इसी दौरान अभिनेता घर लौट आए और नौकरानी द्वारा महिला की मौजूदगी से अवगत कराए जाने पर उन्होंने साफ कहा कि वह महिला को नहीं जानते। इसके बावजूद महिला ने अभिनेता से संपर्क करने की कोशिश की और आवास पर रहने की जिद करने लगी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अभिनेता ने सोसायटी मैनेजर जयश्री डुंकडू से संपर्क किया, जिन्होंने तुरंत उनकी मैनेजर श्रुति राव को सूचना दी। राव मौके पर पहुंचीं और तुरंत खार पुलिस से संपर्क किया। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद महिला से पूछताछ की गई। उसने खुद को दुबई निवासी बताया लेकिन अपने आने के उद्देश्य और अभिनेता का घर कैसे खोजा– इन सवालों से वह बचती रही। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने निष्कर्ष निकाला कि महिला का इरादा संदिग्ध था और वह बिना अनुमति के अभिनेता के घर में अवैध रूप से घुसी थी। इसलिए उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 331(2) (गृह-अतिक्रमण) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की मानसिक स्थिति, उसकी पृष्ठभूमि और अभिनेता तक पहुँचने की मंशा क्या थी। अभिनेता या उनके प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments