व्यापारियों की समस्या का गम्भीरता से निस्तारण करें अधिकारी: मण्डलायुक्त

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। झांसी मण्डल में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए शनिवार को मण्डलीय उद्योग बन्धु की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अमल कुमार दुबे, मण्डलायुक्त झांसी ने आयुक्त सभागार में की। बैठक में उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के दौरान हस्ताक्षरित एमओयू को धरातल पर उतारना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जानकारी दी कि झांसी मण्डल में कुल 240 एमओयू के तहत स्थापित इकाइयों ने वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि जनपद झांसी में 303 एमओयू के सापेक्ष 123 इकाइयों, जनपद ललितपुर में 143 के सापेक्ष 87 इकाइयों तथा जनपद जालौन में 103 के सापेक्ष 51 इकाइयों ने उत्पादन प्रारम्भ कर दिया है। बैठक में मण्डलायुक्त ने बताया कि व्यापारियों की मांग को ध्यान में रखते हुए जनपद ललितपुर की तहसील मड़ावरा, तालबेहट, महरौनी और पाली में एक-एक फायर स्टेशन की स्थापना को शासन स्तर से स्वीकृति मिल चुकी है और इसके लिए कार्यदायी संस्था का चयन भी कर लिया गया है। मण्डलायुक्त ने बैठक में उपस्थित व्यापारियों और उद्योगपतियों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को झांसी की क्रशर इकाइयों में एयर क्वालिटी इंडेक्स के मानकों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा सभी औद्योगिक इकाइयों में एयर कंट्रोल एक्ट की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन कराने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के तहत उद्योगों और सेवा क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों का पंजीकरण कराया जाएगा, जिससे उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके। बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग सुधांशु तिवारी, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, डीएफओ नीरज आर्या, चैम्बर ऑफ माइक्रो एंड स्मॉल इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष राजेश शर्मा, सचिव साकेत गुप्ता, झांसी व्यापार मंडल अध्यक्ष संतोष साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी और निवेशक उपस्थित रहे।




