
मुंबई। मुंबई के दादर इलाके में एक 20 वर्षीय महिला ने 14 मंजिला इमारत की छत से कूदकर कथित तौर पर अपनी जान दे दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। बी.कॉम तृतीय वर्ष की छात्रा ज़ाना सेठिया मंगलवार शाम को हिंदू कॉलोनी स्थित टेक्नो हाइट्स बिल्डिंग की छत से कूद गई। वह अपने माता-पिता के साथ उसी बिल्डिंग की आठवीं मंजिल पर रहती थी।अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय सेठिया अपने दो दोस्तों के साथ छत पर गई थी। अचानक, वह छलांग लगा बैठी, इससे पहले कि उसके दोस्त उसे रोक पाते। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन पुलिस को उसकी डायरी मिली है, जिसमें आत्महत्या के विचारों के संकेत मिले हैं। उसके दोस्तों ने बताया कि वह एक असफल प्रेम संबंध के कारण अवसाद में थी। माटुंगा पुलिस स्टेशन में ‘दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट’ (ADR) दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।




