
मुंबई। मध्य रेल के महाप्रबंधक धर्म वीर मीना ने 11 फरवरी 2025 को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई में आयोजित समारोह में मुंबई, पुणे, सोलापुर, भुसावल और नागपुर मंडल के 11 कर्मचारियों को महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। यह पुरस्कार ड्यूटी के दौरान उनकी सतर्कता, संरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में योगदान के लिए दिया गया। पुरस्कार में एक पदक, प्रशंसा प्रमाण पत्र और 2000 रूपए/- की नकद राशि शामिल है। मुंबई मंडल से अरुण कुमार पंडित (वाशी), राजन सिंह (पीपीडीपी साइडिंग, पेन) और दीपक कुमार (दातिवली) को रेल फ्रैक्चर की समय रहते पहचान कर दुर्घटनाएं टालने के लिए सम्मानित किया गया। पुणे मंडल से आर. टी. वाणी (लोको पायलट, पुणे) को ट्रैक पर गैस सिलेंडर देखकर ट्रेन रोकने, जबकि धरम चंद मीना और बीरबल सिंह (एसी मैकेनिक, पुणे) को झेलम एक्सप्रेस में आग बुझाने के लिए पुरस्कृत किया गया। सिद्धनाथ कुमार (इलेक्ट्रिक सिग्नल मेंटेनर, कोपरगांव) को ट्रैक सर्किट फेल होने पर वेल्ड फ्रैक्चर का पता लगाने में सतर्कता के लिए सम्मान मिला। सोलापुर मंडल से लेखराम मीना (यात्रा टिकट परीक्षक, सोलापुर) को कपलिंग में दरार देखकर संभावित हादसे को रोकने, और विष्णु बाउरी (इलेक्ट्रिक सिग्नल मेंटेनर, गोडगांव) को सिग्नल फेल होने पर त्वरित समाधान के लिए पुरस्कार मिला। नागपुर मंडल से अविनाश कुमार (पॉइंट्समैन, बोरखेड़ी) को मालगाड़ी के निरीक्षण के दौरान व्हील प्लॉज उठने की समस्या पकड़ने पर सम्मानित किया गया। भुसावल मंडल से गजानन पाटिल (ट्रैक मेंटेनर, जलगांव) को चलती ट्रेन से गिरने वाले यात्री की जान बचाने के लिए सम्मान दिया गया।
महाप्रबंधक धर्म वीर मीना की प्रतिक्रिया
महाप्रबंधक धर्म वीर मीना ने कर्मचारियों की सतर्कता और बहादुरी की सराहना करते हुए कहा-रेलवे संरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ये कर्मचारी न केवल अपने कार्य के प्रति समर्पित हैं बल्कि अपने साहसिक निर्णयों से हजारों यात्रियों की जान बचाने में भी मदद कर रहे हैं। इनकी निष्ठा और सतर्कता अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।इस समारोह में अपर महाप्रबंधक प्रतीक गोस्वामी, प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी चंद्र किशोर प्रसाद, मंडल रेल प्रबंधक (मुंबई) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




