
अकोला। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को अकोला जिले में 2,588.55 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 21 विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं में सिंचाई, सड़क, स्वास्थ्य, प्रशासनिक भवन, ऊर्जा, खेल, सांस्कृतिक व नगर विकास से संबंधित कार्य शामिल हैं, जो जिले के सर्वांगीण विकास को गति देंगे। यह कार्यक्रम अकोला के जिलाधिकारी कार्यालय परिसर स्थित नियोजन भवन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले, श्रम मंत्री एवं पालक मंत्री अॅड. आकाश फुंडकर, सांसद अनुप धोत्रे, विधायकगण रवींद्र चव्हाण, हरीष पिंपळे, प्रकाश भारसाकळे, वसंत खंडेलवाल, किरण सरनाईक, श्याम खोड़े सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमुख उद्घाटन और भूमिपूजन:
जिलाधिकारी कार्यालय की नई इमारत का लोकार्पण किया गया, जिसमें स्वागत कक्ष, हिरकणी कक्ष, आनंदी कक्ष तथा कियोस्क सुविधा की विशेषता है।
काटीपाटी बैराज परियोजना का भूमिपूजन, जिसकी लागत 454.62 करोड़ रुपये है, जिससे सिंचाई सुविधा बढ़ेगी और किसान लाभान्वित होंगे।
अकोला पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय की इमारत का शिलान्यास, जिसकी लागत 249.41 करोड़ रुपये है।
अमृत 2.0 योजना के तहत 629.06 करोड़ रुपये की सीवरेज योजना (टप्पा-1) का भूमिपूजन।
18.99 करोड़ रुपये की लागत से ई-बस डिपो व चार्जिंग स्टेशन, 15 करोड़ रुपये से सांस्कृतिक भवन, तथा 9.96 करोड़ रुपये से ओलंपिक स्तर का स्विमिंग पूल के कार्यों का शिलान्यास।
सड़क और परिवहन, स्वास्थ्य और आवास क्षेत्र का विकास
हायब्रिड अन्यूटी योजना के तहत 410.10 करोड़ रुपये से अकोला और आसपास के राज्य महामार्गों के उन्नयन कार्य।
311.44 करोड़ रुपये से दो राज्य महामार्ग (उकली बाजार–किंखेड मार्ग और रावेर–अकोट मार्ग) के सुधार कार्य।
9.99 करोड़ रुपये से बार्शिटाकळी शहर के मुख्य मार्ग का निर्माण।
सर्वोपचार रुग्णालय (जनरल हॉस्पिटल) में ₹151.56 करोड़ से नई वार्ड इमारत का निर्माण।
दक्षता नगर में पुलिसकर्मियों के लिए ₹129.23 करोड़ से 246 आवासीय इकाइयों और परिसर का विकास।
5 करोड़ रुपये की लागत से तालुका स्तरीय खेल संकुल का शिलान्यास।
10 मेगावॉट सौर ऊर्जा प्रकल्प (भेंडीमहाल) और 2 मेगावॉट सौर प्रकल्प (रेडवा), कुल लागत ₹54 करोड़।
33/11 केवी उपकेंद्र (हिवरा कोरडे और पारद गांवों में) का लोकार्पण।
9 करोड़ रुपये की लागत से अकोला और अकोट शहरों में सीसीटीवी प्रकल्प का उद्घाटन।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री का स्वागत पालक मंत्री फुंडकर और जिलाधिकारी कुंभार ने मेळघाट की प्रतीक-प्रतिमा भेंट कर किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर उनका स्वागत सांसद अनुप धोत्रे, विधायकगण तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस अवसर पर कहा कि इन विकास कार्यों से अकोला जिले में अधोसंरचना सुदृढ़ होगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को समयबद्ध क्रियान्वयन का निर्देश भी दिया।




