
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। चैत्र नवरात्र के द्वितीय दिवस नगर के मोहल्ला खत्रियाना स्थित संतोषी माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया, जो देर शाम तक लगातार जारी रहा। मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर माता संतोषी के दर्शन किए और विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन किया। भक्तों ने माता को प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की। शुक्रवार होने के कारण संतोषी माता का व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रही। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बड़ी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया। मंदिर के सेवक सक्षम शुक्ला ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और व्यवस्था संभालने में सहयोग किया। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले भक्तों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। पूरे दिन मंदिर परिसर में अनुशासित ढंग से श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। नवरात्र पर्व पर नगर के राजराजेश्वरी मंदिर, मां भूवनेश्वरी मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण की कामना की।




