Thursday, March 12, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedपंढरपुर में चला महास्वच्छता अभियान: 42 स्थानों से 148 टन कचरा एकत्र,...

पंढरपुर में चला महास्वच्छता अभियान: 42 स्थानों से 148 टन कचरा एकत्र, हजारों स्वयंसेवकों ने लिया भाग

पंढरपुर| पवित्र नगरी पंढरपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से महास्वच्छता अभियान 2025 के अंतर्गत रविवार को शहर के 42 स्थानों पर एक साथ सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें 148 टन कचरा एकत्र किया गया। इस अभियान में जिला प्रशासन, नगर परिषद, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान का उद्घाटन राज्य के ग्रामीण विकास व पंचायत राज मंत्री एवं सोलापुर जिले के पालक मंत्री जयकुमार गोरे ने छत्रपति शिवाजी महाराज चौक से किया। समापन समारोह में मंत्री गोरे ने कहा, “इस अभियान के माध्यम से न केवल पंढरपुर शहर को साफ किया गया, बल्कि हजारों श्रद्धालुओं तक स्वच्छता का संदेश भी पहुंचाया गया है। इस अवसर पर विधायक समाधान अवताड़े, विधायक सचिन कल्याणशेट्टी, विधायक देवेंद्र कोठे, जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुलदीप जंगम, सोलापुर मनपा आयुक्त सचिन ओमबासे, पूर्व विधायक प्रशांत परिचारक, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पालकमंत्री गोरे ने बताया कि सफाई केवल वारी से पहले ही नहीं बल्कि वारी के बाद भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सातारा और सोलापुर जिलों के करीब 7 से 8 हजार स्वयंसेवकों ने अभियान में हिस्सा लिया, जिनमें युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
दुकानदारों और श्रद्धालुओं से अपील
पालकमंत्री ने दुकानदारों से आग्रह किया कि वे अपनी दुकानों के सामने छोटे डस्टबिन रखें और कचरा नगर परिषद की टीम को सौंपें। साथ ही, उन्होंने वारकरी श्रद्धालुओं से भी अनुरोध किया कि वे कचरा सड़क पर फेंकने की बजाय निर्धारित डस्टबिन में डालें। उन्होंने सभी से “स्वच्छ पंढरपुर, स्वच्छ चंद्रभागा, नमामि चंद्रभागा” अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
पंढरपुर कॉरिडोर पर भी चर्चा
मंत्री गोरे ने कहा कि पंढरपुर राज्य का एक पवित्र धार्मिक स्थल है और सरकार इसके समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंढरपुर कॉरिडोर परियोजना सभी की सहमति से पूरी की जाएगी।
सफाई मित्रों और संस्थाओं को किया गया सम्मानित
समारोह में अभियान में विशेष योगदान देने वाले सफाई मित्रों और सामाजिक संगठनों को सम्मानित किया गया। इनमें लक्ष्मण गोविंद सोनावणे (श्रीगोंडा), रविकिरण डोडिया, शांता वाघमारे, अजय टावरे, ओंकार वाघमारे और अहिल्यानगर की टीम शामिल रहे। साथ ही, लायंस क्लब पंढरपुर, वृक्षप्रेमी ग्रुप, एवर ग्रीन क्लब, क्रिदाई संस्था, लोकमान्य विद्यालय पंढरपुर को भी सम्मान मिला। कार्यक्रम में मुख्य अधिकारी महेश रोकड़े ने सभी स्वयंसेवकों, नागरिकों और संगठनों का आभार व्यक्त किया। उपविभागीय अधिकारी सचिन इथापे ने कहा कि प्रशासन की ओर से भक्तों के लिए स्वच्छता और सुविधाओं का भरपूर ध्यान रखा जा रहा है। पंढरपुर में श्रद्धा और स्वच्छता का मिलन एक नई मिसाल बना रहा है, और यह अभियान वारी से पहले एक प्रेरक पहल के रूप में याद रखा जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments